Home Tags Sudhir Choudhary

Tag: Sudhir Choudhary

Zee News ने पहले चलाई राहुल गांधी पर फेक न्यूज़, अब मांगनी पड़ी माफी

0

फेक न्यूज फैलाने के एक मामले को लेकर जी न्यूज एक बार फिर विवादों में है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से जुड़े इस मामले पर अब जी न्यूज ने माफी भी मांग ली है।

शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में पहुंचे थे। जहां कांग्रेस दफ्तर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। हमलावरों को लेकर पूछे जाने पर राहुल गांधी ने हिंसा का जवाब अहिंसा से देते हुए कहा कि मैं उन्हें बच्चा समझता हूं। राहुल ने आगे कहा कि , ‘जिन लड़कों ने उनके ऑफिस में तोड़-फोड़ की वो बच्चे हैं। ये अच्छा नहीं है, लड़कों ने गैर-ज़िम्मेदाराना हरकत की है।’
जिसके बाद जी न्यूज ने इस वीडियो क्लिप को उदयपुर हत्याकांड को लेकर राहुल की प्रतिक्रिया के रूप में प्रसारित किया। जी न्यूज के डीएनए कार्यक्रम के दौरान एंकर रोहित रंजन कहते हैं, ‘इस बर्बरता को देश का हर वर्ग सीधे-सीधे कह रहा है कि ये ग़लत है और इसको कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए। राहुल गांधी विपक्ष के सबसे बड़े नेता हैं और उनका कहा सबके सामने बहुत मायने रखता है। लेकिन राहुल गांधी अगर उन आरोपियों को बच्चा कह रहे हैं तो फिर सोचिये कि ये आगे क्या सन्देश लेकर जाता है…क्या कन्हैया को मारने वाला, बेरहमी से उसका क़त्ल करने वाला बच्चा था?’

इसके बाद बीजेपी के सांसद, विधायक और मंत्री इस झूठे वीडियो को प्रचारित करने लगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने लिखा कि, ‘ सुनिए आतंकी इनके लिए बच्चे हैं, कल इन्हें मासूम कहेंगे, परसों इनके समर्थन में प्रदर्शन करेंगे।’ इसी तरह कई जिम्मेदार लोगों ने कांग्रेस और राहुल के खिलाफ दुर्भावना से ग्रसित ट्वीट किया। हालांकि, थोड़े ही देर में इसका सच सामने भी आ गया।

इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स जी न्यूज समेत अन्य बीजेपी नेताओं को आइना दिखाने लगे। झूठ का भंडाफोड़ होते ही जी न्यूज ने अगली सुबह माफी मांग ली। वहीं नेताओं ने ट्वीट डिलीट कर लिए। एंकर राहुल रंजन ने कहा कि ये एक मानवीय भूल थी, जिसके लिए हमारी टीम क्षमा प्रार्थी है। हम इसके लिए खेद जताते हैं।