Home Tags Video of Bhopal mayor

Tag: Video of Bhopal mayor

शांति वाहन के साथ फोटोशूट करवाते भोपाल महापौर का वीडियो वायरल, कांग्रेस बोली शर्म करो बेशर्मों

0

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पूर्व महापौर और प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा के एक फोटोशूट और वीडियोग्राफी ने उनके और उनकी पूरी पार्टी के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है।

दरअसल सोमवार को भोपाल में पूर्व महापौर आलोक शर्मा ने जिले में शांति वाहन अलग-अलग अस्पतालों को सौंपने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया जिसमे वो एक शव वाहन के सामने खड़े होकर फ़ोटो खिंचवाते और वीडियो शूट करवाते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वाहन उन्होंने किराए पर लिए हैं और इसका खर्च शर्मा ही वहन करेंगे। शव वाहनों के साथ फोटोशूट और वीडियोग्राफी करवाने पर सोशल मीडिया पर उनकी जमकर खिंचाई हो रही है। 


शर्मा ने अपने इस कृत्य से विपक्ष को घर बैठे मुद्दा दे दिया है जिसपर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के मीडिया सलाहकार नरेंद्र सलूजा ने तीखी टिप्पणी की है उन्होने ट्विटर पर लिखा

‘ शर्म करो बेशर्मों..?
इंदौर में ऑक्सीजन के टैंकर को घंटो रोककर भाजपा नेताओं ने खूब फ़ोटो बाजी की और अब भोपाल में भाजपा के पूर्व महापौर आलोक शर्मा शव वाहनों के साथ फोटो बाजी करते हुए?
इंदौर में बन रहे कोविड केअर सेंटरों पर भाजपा नेताओं का दौरा ?
आपदा में भी अवसर-फ़ोटो बाज़ी ?


आपको बता दें भोपाल में कोरोना मरीजों की मौत का सिलसिला रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। हालात ऐसे हैं कि मरीजों के शव को मुक्तिधाम तक ले जाने के लिए शव वाहन कम पड़ रहे हैं। नगर निगम के पास जो वाहन हैं वे भी कम पड़ रहे है। इसी बीच भोपाल के बाहर से आए लोगों को भी किसी स्वजन का निधन हो जाने पर खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए आलोक शर्मा ने किराए पर लिए वाहनों में अपने नाम का बैनर लगवाकर जेपी अस्पताल में कार्यक्रम आयोजित कर डाला।


आलोक शर्मा ने कहा कि शव वाहनों पर ईधन और अन्य जो खर्च आएगा, वह मैं खुद वहन करूंगा। मैंने पवित्र मन से कोरोना काल में लोगों की मदद करनी चाही तो इसे तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है और राजनीति शुरू हो गई। मुझे फोटो शूट का कोई शौक नहीं है, लेकिन इस तरह से राजनीति होगी तो कोई भी व्यक्ति दूसरों की मदद के लिए सामने नहीं आएगा। मैंने तो भले मन से यह सब करना चाहा लेकिन कुछ लोगों ने इसे गलत तरीके से पेश किया है।