Home Tags CM Shivraj Singh Chauhan

Tag: CM Shivraj Singh Chauhan

कांग्रेस ने बताया फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ को झूठ पर आधारित, BJP का फिल्म को लेकर प्रचार करना राजनीतिक एजेंडा: दिग्विजय सिंह

0

फ़िल्म ‘द केरला स्टोरी’ रिलीज के बाद से ही चर्चा में है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी कमाई कर रही है। वहीं दूसरी तरफ फिल्म को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है। बीजेपी इसे सत्य घटना पर आधारित फिल्म बता रही है, तो वहीं कांग्रेस फ़िल्म को झूठ पर आधारित बताकर उसका विरोध कर रही है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि द केरला स्टोरी फिल्म झूठ पर आधारित है। लव जिहाद की 32 हजार नहीं सिर्फ तीन घटनाएं सामने आई थीं। 3 मामलों में धर्म परिवर्तन करवाकर ISIS में शामिल करवाया था, जबकि फिल्म में 32 हजार धर्म परिवर्तन दिखाए गए।

उन्होंने आगे कहा कि झूठी फिल्म दिखाने से मतलब क्या? कश्मीर फाइल्स भी झूठ पर बनी फिल्म थी। सरकार जिस तरीके से फ़िल्म का प्रचार कर रही है उससे साफ है कि ये उनका राजनीतिक एजेंडा है। वहीं दिग्विजय सिंह के बयान पर पलटवार किया है उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने। सिंह ने कहा कि दिग्विजय सिंह पहले ये बताएं कि उनको घटनाओं की संख्या के बारे में कैसे पता है। इसका मतलब शायद यह है कि वह खुद इन चीजों में शामिल रहे हैं। दिग्विजय सिंह हमेशा राष्ट्र विरोधी बात करते हैं। हमारे देश की अखंडता और जो ताकत है उसको देखते हुए बयान बहुत सोच विचार कर देना चाहिए।

मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा, कश्मीर फाइल्स और द केरला स्टोरी फिल्म बनी है तो जाहिर है कि सेंसर बोर्ड ने बड़े गौर से इनमें सारी चीजों को देखा होगा। फिल्म देखने योग्य है तो फिल्म को देखना भी चाहिए। जनता को दिग्विजय सिंह के बयानों पर ज्यादा गौर करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वो सुर्खियों में रहने के लिए कुछ ना कुछ बोलते ही रहते हैं। इंदौर में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में महिलाओं को द केरला स्टोरी दिखाई।

फ़िल्म देखने के बाद सिनेमा घर के बाहर ही लव जिहाद का पुतला भी दहन किया गया।महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि लव जिहाद के कारण हमारी बहन, बेटियां आज सुरक्षित नहीं हैं। ऐसी घटनाओं से सतर्क रहने और लव जिहाद जैसी घटना को द केरला स्टोरी फिल्म में दिखाने की अच्छी और सार्थक कोशिश की गई है। मध्यप्रदेश में सरकार ने इस फिल्म को टैक्स फ्री भी कर दिया है।

किसानों के लिए अच्छी खबर ! प्रदेश के अन्नदाताओं का ब्याज माफ कर रही सरकार

0

भोपाल। मध्यप्रदेश के किसानों के लिए अच्छी खबर है। मध्यप्रदेश सरकार विधानसभा चुनाव से पहले किसानों का ब्याज माफ करने जा रही है। बता दें, मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में डिफॉल्टर किसानों के कर्ज माफी का निर्णय लिया गया था। प्रदेश सरकार किसानों के 2 लाख तक के कर्ज का ब्याज भरेगी जिसमें प्रदेश के 11 लाख से अधिक किसान शामिल हैं।

31 मार्च 2018 की स्थिति में जिन किसानों ने कर्ज नहीं चुका पाया था। ऐसे 4 लाख 40 हजार किसानों के साथ ही ऐसे किसान जो समय पर कर्ज न चुकाने के कारण उन पर ब्याज का भार बढ़ गया है उनका ब्याज अब सरकार भरेगी। 11 मई को किसानों की सूची लगेगी और 12 मई से 15 मई तक किसानों से ब्याज माफी योजना के फॉर्म भरवाए जाएंगे। इसके अलावा 16-18 मई तक आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। 23 मई को वित्त विभाग से सहकारिता विभाग को 2250 करोड़ की राशि भेजी जाएगी। फिर 26 और 27 मई को किसानों को डिफॉल्टर मुक्ति का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

मूल और ब्याज मिलाकर जिन किसानों की राशि 2 लाख रुपए तक है। ऐसे किसानों का ब्याज माफ किया जाएगा। अल्पावधि फसल ऋण जो कि 12 महीने में कर्ज लौटने वाले होंगे। दूसरा फसल खराब होने पर मध्यावधि ऋण में परिवर्तित कर दिया जाता है। ऐसे में अल्पावधि और मध्यावधि ऋण माफ किए जाएंगे।

MP खरगोन बस हादसा; अब तक 22 लोगों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख

0

भोपाल। मध्यप्रदेश के खरगोन में दर्दनाक बस हादसा हुआ है। जिसमें यात्रियों से भरी बस पुल से सीधे नदी में जा गिरी। इस घटना में 22 यात्रियों की मौत हो गई और डेढ़ दर्जन यात्री घायल हैं। बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुःख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि- खरगोन में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव मदद में जुटा है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख जताया है। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। यह दुर्घटना खरगोन ठीकरी रोड पर ग्राम दसंगा में हुई। बोराड नदी के 50 फीट ऊंचे पुल से बस नीचे जा गिरी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कैबिनेट बैठक में खरगोन में हुई बस दुर्घटना में मृतकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके साथ ही कैबिनेट के सदस्यों ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया।कैबिनेट बैठक के दौरान सीएम ने बताया कि बस दुर्घटना में अब तक 22 लोगों की मृत्यु हुई है। राज्य शासन की ओर से कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री कमल पटेल खरगोन जायेंगे।

बचाव कार्य के लिए ग्रामीण सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं। बचाव दल लगातार लोगों की तलाश कर उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल भेज रहा है। वहीं विधायक रवि जोशी भी मौके पर मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार बस मां शारदा ट्रेवल्स की बताई जा रही है। लोगों के मुताबिक बस अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गिर गयी। बता दें, बस में करीब 35 से अधिक यात्री सवार थे। बोराड नदी सूखी होने के कारण बस में सवार लोग चोटिल हो गए।

‘लाड़ली बहना योजना’ बनाम ‘नारी सम्मान योजना’, महिलाओं को साधने में जुटे राजनैतिक दल

0

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी (BJP) और कांग्रेस (CONGRESS) महिला मतदाताओं को लुभाने में जुटी हुई हैं। प्रदेश में महिलाओं की योजना पर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। बीजेपी महिलाओं के लिए लाड़ली बहना योजना लेकर आई है, तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नारी सम्मान योजना लॉन्च करने जा रही है। इसी को लेकर कमलनाथ ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई से जनता परेशान है खासतौर से महिलाएं अधिक प्रभावित हैं।

इसलिए कांग्रेस महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नारी सम्मान योजना लेकर आई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ 9 मई को छिंदवाड़ा से नारी सम्मान योजना की शुरुआत करेंगे। महिला कांग्रेस पूरे प्रदेश मैं घर-घर जाकर योजना के आवेदन भरवाएगी। योजना के अंतर्गत एलपीजी सिलेंडर 500 रुपये, महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपये देने का वादा करेगी। नारी सम्मान योजना के आवेदन पत्र में आवेदक का नाम, आधार क्रमांक, आयु, वर्ग, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, समग्र आईडी और विधानसभा घर के पते की जानकारी देनी होगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत महिलाओं को प्रति माह एक हज़ार रुपये दे रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने 1500 रुपये देने की घोषणा की है। कर्नाटक में कांग्रेस ने 2 हज़ार रुपये देने का ऐलान किया है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि महंगाई से सबसे ज्यादा प्रभावित महिलाएं हैं।

हम नारी सम्मान योजना शुरू कर रहे हैं जिसके तहत महिलाओं को 500 रुपये का एलपीजी सिलेंडर मिलेगा और हर महीने 1,500 रुपये दिए जाएंगे। हमारी सरकार बनने पर हमारे कार्यकर्ता जगह-जगह जाकर फॉर्म भरवाएंगे। बीजेपी कांग्रेस अब महिला वोटरों को साधने में जुट चुकी हैं। दोनों पार्टियां महिला मतदाताओं को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं।

BJP नेताओं में नाराज़गी ! दीपक जोशी के बाद कई बड़े नाम होंगे कांग्रेस में शामिल- कमलनाथ

0

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamal Nath) ने विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका दिया है। दीपक जोशी के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि दीपक जोशी तो सिर्फ ट्रेलर मात्र हैं, बीजेपी के कई बड़े नेता जल्द ही कांग्रेस में शामिल होंगे। दरअसल, 6 मई को बीजेपी के दिग्गज नेता रहे दीपक जोशी ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया।

दीपक जोशी पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता स्व. कैलाश जोशी के बेटे हैं। वह शिवराज सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। जोशी का कांग्रेस में जाना बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इसके साथ ही ऐसी भी चर्चा है कि बीजेपी के कई और बड़े नेता भी कांग्रेस के संपर्क में हैं और जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है। प्रदेश के एक करोड़ युवा बेरोजगार हैं। देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी प्रदेश में हैं। योजनाओं का फायदा जनता को नहीं मिल रहा। कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं। कमलनाथ ने अपने कार्यकाल के कामों को गिनाते हुए बहनों को 1500 रुपये प्रतिमाह, गैस सिलेंडर 500 रुपए में देने की भी बात कही। ये बात कमलनाथ ने सिवनी जिले के उड़ेपानी में कार्यकर्ताओं और मंडल पदाधिकारियों से संवाद करते हुए कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी में जुटने का निर्देश भी दिया।

सरकारी योजनाओं का अध्ययन कराएगी प्रदेश सरकार, सीएम शिवराज ने दिए निर्देश

0

भोपाल। मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार जल्द ही सरकारी योजनाओं का अध्ययन कराएगी। इसे लेकर सीएम शिवराज ने राज्य नीति आयोग (MP Policy Commission) को निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि प्रदेश में क्रियान्वित की जा रहीं योजनाओं और कार्यक्रमों के सुचारू रूप से चलने को लेकर अध्ययन किया जाना चाहिए। इसके लिए एक केंद्र विकसित किया जाए।

सीएम शिवराज सिंह ने सोमवार को म.प्र. राज्य नीति आयोग की चौथी बैठक ली। यह बैठक मंत्रालय में हुई जिसमें मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. सचिन चतुर्वेदी, अपर मुख्य सचिव वित्त अजीत केसरी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सीएम ने सरकारी योजनाओं का अध्ययन करने के निर्देश दिया। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना को लेकर मध्यप्रदेश में कारीगरों के उन्नयन और कौशल विकास के लिए रोड मेप तैयार हो। सीएम ने अन्य राज्यों की बेस्ट प्रेक्टिसेस को प्रदेश की स्थितियों और जरूरतों के मुताबिक चिन्हित करके उन्हें लागू करने के निर्देश दिए।

सीएम ने कहा कि अन्य राज्यों में जो योजनाएं और कार्यक्रम चल रहे हैं जिससे लोगों की जिंदगी में बफ्लाव आए हैं। उनको लेकर रिसर्च की जाए और प्रदेश में उनके क्रियान्वयन की संभावनाओं पर विचार किया जाए। मध्यप्रदेश की प्रगति पर केंद्रित पुस्तिका का प्रकाशन भी किया जाए। इससे पिछले दशकों में प्रदेश के सामाजिक, आर्थिक क्षेत्र और अधो-संरचना में आए बदलावों की सटीक और तथ्यात्मक जानकारी मध्यप्रदेश के नागरिकों को मिल सकेगी।

मिशन 2023 : MP में भाजपा और कांग्रेस ने करवाया सर्वे, चौंकाने वाले परिणाम आए सामने

0

भोपाल। इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए शिवराज सिंह चौहान और कमलनाथ ने सर्वे कराया है। पहले चुनाव से जुड़े सर्वे (Survey) पार्टियां ही करवाती थीं लेकिन अब तो नेता-मंत्री भी सर्वे करवाने लगे हैं। इन दिनों भोपाल के राजनीतिक गलियारों में जिन सर्वे की चर्चा है वो हैं, शिवराज सरकार की तरफ से कराए गए सर्वे, मध्य प्रदेश पुलिस की शाखा इंटेलिजेंस का सर्वे या रिपोर्ट, कांग्रेस नेता कमलनाथ के सर्वे और संघ के सर्वे है।

इनमें शिवराज और कमलनाथ कुछ महीनों के अंतराल में विधानसभा वार सर्वे कराते हैं, जिसमें मुद्दों के साथ-साथ प्रत्याशियों की लोकप्रियता जांची जाती है। कमलनाथ ने पिछले स्थानीय निकाय चुनाव में अपने सर्वे के आधार पर ही टिकट दिए थे, जिसमें कांग्रेस ने नगर निगम के चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया था। वो अपना सर्वे सभी टिकट चाहने वालों के सामने रखकर सच्चाई से रूबरू कराते हैं।

कमलनाथ के सर्वे में कांग्रेस की दोबारा दमदार वापसी बताई जा रही है वहीं शिवराज के सर्वे में सरकार बनाने लायक विधायक जीतकर आने का दावा किया जा रहा है। हालांकि पहले इंटेलिजेंस और संघ के सर्वे में बीजेपी की हालत नाज़ुक दिख रही थी मगर अब बीजेपी वापसी करती दिख रही है। इसका क्रेडिट शिवराज की लाडली बहना योजना को दिया जा रहा है।

मध्यप्रदेश में हाई अलर्ट ! छत्तीसगढ़ में हुए नक्सली हमले के बाद सरकार ने लिया फैसला

0

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले के बाद मध्यप्रदेश में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। ये अलर्ट नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जारी किया गया है। प्रदेश के बालाघाट, मंडला, डिंडौरी में हॉक फोर्स और पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती भी की गई है। पुलिस के अनुसार बालाघाट में पिछले दिनों हुए महिला नक्सलियों के एनकाउंटर के बाद मध्यप्रदेश में भी नक्सली किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं।

छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले के बाद मध्यप्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में नक्सलियों के दाखिल होने की आशंका है और इसे लेकर पुलिस भी हाई अलर्ट पर है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने छत्तीसगढ़ में हुई घटना पर दुख जताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की बीजेपी सरकार ने नक्सल समस्या पर काबू पाने में सफलता पाई है। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है और वहां नक्सली हमले हो रहे हैं लेकिन मध्यप्रदेश में पुलिस नक्सलियों पर हमला कर रही है। पिछले एक साल में करीब डेढ़ करोड़ के 8 इनामी नक्सलियों को पुलिस और हॉक फोर्स ने मार गिराया। इसका कारण है कि मध्यप्रदेश में कानून का राज है और यहां किसी भी तरह की असंवैधानिक गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। दंतेवाड़ा के अरनपुर में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के जवानों पर नक्सलियों ने हमला किया। इस हमले में 10 जवान शहीद हो गए तो वहीं एक ड्राइवर की भी मौत हो गई है। नक्सलियों ने आईईडी धमाका किया और पुलिस के वाहन को उड़ा दिया। दरअसल ये पुलिस दल गश्त पर निकला था, उसी दौरान ये घटना हुई। इसके जवाब में जवानों की ओर से फायरिंग की गई जिसमें कुछ नक्सली भी घायल हुए।

शिवराज भैया ने लाड़ली बहना योजना के लिए खुद भरे बहनों के फॉर्म, 10 जून को बताया ऐतिहासिक दिन

0

सीएम ने शुक्रवार को भोपाल के कई क्षेत्रों में दौर कर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की पंजीयन प्रक्रिया का जायज़ा लिया और शिविर में शामिल भी हुए। भोपाल के ईदगाह हिल्स क्षेत्र में ‘लाड़ली बहना योजना’ की आवेदन प्रक्रिया के लिए आयोजित शिविर में सीएम ने खुद लाड़ली बहनों के फॉर्म भरे और उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। शिविर में बहनों ने मुख्यमंत्री शिवराज को राखी बांधकर उनको धन्यवाद दिया। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जून माह की 10 तारीख ऐतिहासिक होने वाली है। उस दिन लाडली बहना योजना के अंतर्गत बहनों के खाते में पहली किश्त डाली जाएगी।

टीला जमालपुरा में मुख्यमंत्री ने बहनों से संवाद किया और कहा, ‘मैं ऊपर वाले से ये प्रार्थना करता हूं कि मेरी बहनें सुखी रहें, उनका जीवन खुशियों से भरा रहे, दुख का साया उन पर ना पड़े, उनकी आंखों में कभी आंसू ना आएं, वे हमेशा मुस्कुराती रहें, मेरे भांजे-भांजी खिलखिलाएं ऐसा हो तो मेरा मुख्यमंत्री बनना सार्थक हो जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा संकल्प है, चाहे कुछ भी हो जाए मेरी लाड़ली बहनों के खाते में पैसा डलेगा। मेरी बहनों के लिए 10 जून का दिन ऐतिहासिक होगा। उस दिन बहनें दीप जलाएं, गीत गाएं, खुशी मनाएं।’ सीएम ने आगे कहा, ‘मैं वचन देता हूं… जब तक मेरी सांस चलेगी, मैं बहनों की भलाई के लिए काम करता रहूंगा।’

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ‘मैंने बचपन में बहनों के साथ अन्याय होते देखा है, बेटियों के साथ भेदभाव होते देखा है, इसलिए मुख्यमंत्री बनते ही मैंने लाड़ली लक्ष्मी योजना और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना शुरू की। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना केवल योजना नहीं है, यह बहनों की जिंदगी बदलने के लिए क्रांति है।

सिद्धार्थ मलैया को गुरुवार को BJP ने फिर किया पार्टी में शामिल, बागी नेताओं को साध रही BJP

0

आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई ने पार्टी से निष्कासित नेता सिद्धार्थ मलैया को गुरुवार को फिर से पार्टी में शामिल कर लिया।
विद्रोह की आशंका और हाल ही में हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक जैसे उथल-पुथल से बचने के लिए, जहां पार्टी के कई बड़े नेता अन्य दलों में चले गए, वहीं भाजपा विद्रोहियों को पार्टी की तह में वापस लाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
सिद्धार्थ मलैया को 2022 में उनकी कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था। बता दें सिद्धार्थ मलैया पूर्व मंत्री जयंत मलैया के पुत्र हैं।

कुछ समय पहले तक ये अटकलें लगाई जा रही थीं कि सिद्धार्थ मलैया अपने राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कांग्रेस में जा सकते हैं, क्योंकि उस समय वे खुले तौर पर भाजपा नेतृत्व की आलोचना कर रहे थे। हालांकि, सिद्धार्थ मलैया राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के साथ भाजपा मुख्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए।

भाजपा में शामिल होने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में सिद्धार्थ मलैया ने कहा कि मुझे खुशी है कि पार्टी ने मुझे काम करने का एक और मौका दिया और इसके लिए मैं भाजपा को धन्यवाद देता हूं। राजनीतिक विशेषज्ञों ने कहा कि सिद्धार्थ मलैया को पार्टी में फिर से शामिल करना बीजेपी का डर बयां करता है। दरअसल, बीजेपी को पिछले महीने झटका लगा जब तीन बार के बीजेपी विधायक देशराज सिंह यादव के बेटे यादवेंद्र सिंह यादव ने पार्टी छोड़ दी और वे कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके अलावा खरगोन के पूर्व सांसद माखन सिंह सोलंकी भी हाल ही में कांग्रेस में शामिल हो गए।

14 राज्य और केंद्रीय भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल को पार्टी के दिग्गजों सहित हर संभावित बागी तक पहुंचने का काम सौंपा गया था, ताकि उन्हें भाजपा के साथ बने रहने के लिए राजी किया जा सके। सूत्रों के मुताबिक प्रतिनिधिमंडल की रिपोर्ट बीजेपी के लिए अच्छी नहीं थी, जिसके बाद सिद्धार्थ मलैया को फिर से शामिल किया गया।हालांकि, अभी भी भाजपा नेताओं की एक लंबी सूची है, जो पिछले कुछ वर्षों से दरकिनार कर दिए गए हैं। वहीं बीजेपी के कई बागियों के कांग्रेस में शामिल होने की भी चर्चा है।