Home Tags CM Shivraj Singh Chauhan

Tag: CM Shivraj Singh Chauhan

भोपाल के वन विहार लाए जाएंगे विदेशी जिराफ और जेब्रा, प्रबंधन ने शुरू की तैयारियां

0

भोपाल। मध्यप्रदेश में चीतों के बाद अब विदेशी जिराफ और जेब्रा देखने को मिलेंगे। विदेशी जिराफ और जेब्रा को बसाने की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। राजधानी भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क इन जानवरों के लिए तैयार किया जा रहा है। नेशनल पार्क ने इस प्रोजेक्ट के लिए शासन से डेढ़ करोड़ रुपये की डिमांड की है।

बता दें कि मध्यप्रदेश में अब विदेशी जिराफ और जेब्रा बसाए जाएंगे। यूरोप और मध्य पूर्व देशों के जिराफ और जेब्रा को भोपाल में बसाने की तैयारी की जा रही है। चीतों के बाद यह दूसरी अंतरमहाद्वपीय परियोजना है।

वहीं वन विहार की डायरेक्टर पदम प्रिया बालकृष्णन ने जानकारी देते हुए बताया कि वन विहार इन जानवरों के लिए करीब 3 महीने में तैयारी हो जाएगा। जिराफ और जेब्रा के लिए वातावरण तैयार है। सरकार से अनुमति मिलने पर हमें सिर्फ तीन महीने का समय चाहिए होगा।

जानकारों की मानें तो भोपाल की जल-वायु विदेशी जिराफ और जेब्रा के अनुकूल है। उनके आहार के लिए वन विहार में बबूल की प्रजातियों की पत्तियां, फल और फूल मौजूद हैं। देश में 11 चिड़ियाघरों में 30 जिराफ हैं, लेकिन कोई चिड़ियाघर उन्हें भोपाल को देने के लिए तैयार नहीं हुआ।

कैलाश विजयवर्गीय ने नाइट कल्चर को लेकर जताया विरोध, कहा- युवाओं में बढ़ रही नशे की लत

0

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में हुई आपदा प्रबंधन की बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने नाइट कल्चर को लेकर विरोध जताया है। विजयवर्गीय का कहना है कि नाइट कल्चर की वजह से युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है। नाइट कल्चर के ज़रिए ड्रग्स और नशे की आदत लग रही है।

विजयवर्गीय ने आगे कहा कि इंदौर में नाइट कल्चर एक संस्कृति की तरह रहा है। इंदौर का नाइट कल्चर सर्राफा बाजार के रूप में हमने देखा है। एक समय था जब हमारे पिताजी-मामाजी हमें रात में सराफा बाजार ले जाया करते थे, वहां हम रबड़ी खाया करते थे उस दौरान शहर के कई बड़े लोग भी सराफा में मौजूद रहते थे। पहले के समय में नाइट कल्चर इंदौर की संस्कृति था लेकिन अब नाइट कल्चर में युवा नशे में धुत नजर आते हैं।

विजयवर्गीय ने कलेक्टर-कमिश्नर से नाइट कल्चर की इस व्यवस्था का मूल्यांकन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि हमें यह पता करना बहुत जरूरी है कि इसके क्या फायदे हुए और क्या नुकसान नज़र आये। इसमें ड्रग रैकेट काम कर रहा है और कुछ नाम भी सामने आ रहे हैं। कैलाश विजयवर्गीय नशे को लेकर दिए गए बयानों से पहले भी विवादों में घिर चुके हैं। 

कैलाश विजयवर्गीय ने प्रशासन को नाइट कल्चर पर विस्तृत रिपोर्ट बनाकर देने के लिए कहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद नाइट कल्चर पर विचार भी किया जाएगा। आपदा प्रबंधन की बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक आकाश विजयवर्गीय सहित बीजेपी के नेता इंदौर कलेक्टर, इंदौर पुलिस कमिश्नर, निगम आयुक्त भी शामिल हुए।

भगवान महाकाल को लेकर विवादों में घिरे सिंगर बदशाह ने मांगी माफी

0

देश के मशहूर सिंगर बादशाह एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने अपने एल्बम सॉन्ग सनक में भगवान शिव का नाम लेने पर माफी मांगी है। माफी मांगते हुए बादशाह ने कहा है कि उनका किसी की भी भावनाओं को आहत करने का कोई इरादा नहीं था।

जानकारी के अनुसार बादशाह ने सनक गाने में अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके साथ ही उन्होंने इन शब्दों के साथ भोलेनाथ का भी नाम ले लिया। ये गाना सुन उज्जैन के महाकाल मंदिर के पुजारी और भक्त भड़क गए थे।

इस मामले को लेकर महाकाल मंदिर के पुजारी महेश शर्मा ने भी गाने में अपशब्दों के साथ महादेव का नाम लेने पर आपत्ति जताई और सिंगर बादशाह से माफी मांगने के लिए कहा था। उन्होंने कहा था कि बादशाह के नए गाने से हमारी आस्था को ठेस पहुंची है। बादशाह ने इस वीडियो में से भोलेनाथ का नाम नहीं हटाया तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

दरअसल, बादशाह ने पोस्ट के ज़रिए माफ़ी मांगी है। उन्होंने लिखा है कि यह मेरे ध्यान में लाया गया है कि मेरे हाल ही में रिलीज हुए नए गाने सनक से कुछ लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। मैं कभी भी जाने-अनजाने में किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहता, न कभी आगे पहुंचाऊंगा। उन्होंने आगे लिखा कि मैं अपनी क्रिएटिविटी से आपके लिए, मेरे प्रशंसकों के लिए पूरी ईमानदारी और जुनून के साथ गाने लाता हूं। इस नए गाने में मैंने कुछ हिस्सों को बदलने के लिए कदम उठाए हैं। किसी की भी भावनाओं को चोट पहुंचाने से बचने के लिए सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इस नए गाने को बदलाव के साथ लॉन्च किया जा रहा है। इस बदलाव की प्रक्रिया में कुछ दिन लग सकते हैं।

बादशाह ने लिखा कि कुछ दिनों बाद ये बदलाव सभी प्लेटफॉर्म पर दिखाई देने लगेंगे। मैं सभी से तब तक धैर्य रखने का अनुरोध करता हूं। मैं विनम्रतापूर्वक उन लोगों से क्षमा मांगता हूं जिन्हें मैंने अनजाने में चोट पहुंचाई है। मेरे प्रशंसक मेरी आधारशिला बने हुए हैं, और मैं उन्हें हमेशा सर्वोच्च सम्मान और असीम स्नेह के साथ रखूंगा।

PM मोदी ने दी MP को कई सौगातें, रीवा को बताया देश पर मर मिटने वालों की धरती

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमवार को मध्यप्रदेश के रीवा में राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस समारोह में शामिल हुए। इस दौरान पीएम मोदी ने देश की सभी ग्राम सभाओं और पंचायती राज्य संस्थाओं को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का आयोजन रीवा के एसएएफ SAF ग्राउंड पर हुआ। पीएम नरेन्द्र मोदी ने कार्यक्रम के दौरान 2300 करोड़ के रेल प्रोजेक्ट्स और 7853 करोड़ रुपए की 5 नल-जल योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। पीएम मोदी का रीवा में यह तीसरा दौरा है।

रीवा में पीएम स्वामित्व योजना के तहत भी देश के 35 लाख ग्रामीण परिवार को प्रॉपर्टी कार्ड दिए गए। मध्यप्रदेश के विकास से जुड़ी 17000 करोड़ से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया गया। पीएम ने कहा कि पूज्य बापू कहते थे भारत की आत्मा गांवों में बसती है, लेकिन कांग्रेस ने गांधी के विचारों को भी अनसुना कर दिया।कांग्रेस ने 90 के दशक में पंचायती राज के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की तो वहीं 2014 के बाद से देश ने अपनी पंचायतों के सशक्तिकरण का बीड़ा उठाया।

पीएम ने वर्चुअली प्रधानमंत्री आवास योजना के 4 लाख 11 हजार लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराया। इसके साथ ही आजादी के अमृत महोत्सव समावेशी अभियान का रिमोट के जरिए शुभारंभ भी किया। एकीकृत ई-ग्राम स्वराज और जीईएम पोर्टल और ऐप की शुरुआत की। इस ऐप पर 9 अलग-अलग सरकारी अभियानों की प्रोग्रेस देखी जा सकेगी। पीएम ने वर्चुअली रीवा-इतवारी ट्रेन, छिंदवाड़ा-नैनपुर ट्रेन और नैनपुर-छिंदवाड़ा ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

ग्वालियर रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट का शुभारंभ किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि रीवा की धरती शूर वीरों की धरती है। देश के लिए मर मिटने वालों की धरती है। मैं जितनी बार यहां आया हूं मुझे यहां हर बार भरपूर प्यार मिला है।

कूनो नेशनल पार्क में नर चीते उदय की मौत, इसके पहले मादा चीता साशा ने तोड़ दिया था दम

0

श्योपुर। मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में एक और चीते की मौत हो गई है। अब कूनो नेशनल पार्क में कुल 18 चीते बचे हैं। पिछले साल नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से कूनो नेशनल पार्क में 20 चीते लाए गए थे जिसमें से 2 की मौत हो चुकी है।

चीते का नाम उदय है जिसे दक्षिण अफ्रीका से कूनो लाया गया था। वहीं इससे पहले मादा चीता साशा की भी मौत हो चुकी है। चीता उदय की मौत रविवार शाम चार बजे लगभग हुई है। वन विभाग के अनुसार सुबह उदय के स्वास्थ्य गड़बड़ नजर आने पर उसे ट्रैंकुलाइज करके मेडिकल सेंटर लाया गया था पर शाम 4 बजे उसकी मौत हो गई।

उदय दक्षिण अफ्रीकी चीता था और इसी साल फरवरी में 11 अन्य चीतों के साथ कूनो लाया गया था। अप्रैल में क्वारंटाइन पीरियड पूरा होने के बाद अफ्रीकी चीतों को बाडे़ से जंगल में छोड़ दिया गया था। साउथ अफ्रीका से बीती फरवरी को कूनो लाए गए 12 चीतों में से तीन नर चीतों को 17 अप्रैल को क्वारंटीन बाडे़ से बड़े बाडे़ में छोड़ दिया गया था।

वहीं 18 अप्रैल और 19 अप्रैल को शेष 9 चीतों को भी कूनो के बड़े बाडे़ में छोड़ा गया था। चीते उदय के शव के पोस्टमॉर्टम के लिए भोपाल और जबलपुर से वेटनरी विशेषज्ञों को कूनो भेजा गया है। पूरे पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की जाएगी, ताकि समस्या का पता लगाया जा सके।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विवाह के लिए आईं कुछ दुल्हनें मिलीं गर्भवती, कांग्रेस ने टेस्ट को बताया निजता का हनन

0

डिंडोरी। मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत शादी के लिए आईं कुछ दुल्हनें गर्भवती पाई गई हैं। बताया जा रहा है कि शादियों में मेडिकल चेकअप के नाम पर प्रेग्नेंसी टेस्ट किया गया है। इसे लेकर अब विवाद शुरू हो गया है।

कांग्रेस के स्थानीय विधायक ने इस तरह के टेस्ट पर आपत्ति जताई है। इस योजना के लाभ के लिए कई लोगों ने आवेदन दिया था जिसमें से 219 आवेदनों को मंजूरी मिली थी। इस आयोजन में प्रेग्नेंसी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद महिलाओं का नाम लिस्ट से हटा दिया गया है। इस घटना के बाद से राजनीति तेज हो गई है। वहीं सरकार पर हमला करते हुए कांग्रेस ने इसे निजता का हनन बताया है।

दरअसल, प्रेग्नेंसी टेस्ट पर कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि यह पूरी तरह से निजता का हनन है। नियम प्रक्रिया को लेकर शासन को पहले स्पष्ट करना चाहिए। विधायक ने आगे कहा कि अगर कोई वैवाहिक जीवन में प्रवेश कर रहा है तो प्रशासन को प्रेग्नेंसी टेस्ट कर उनके जीवन में बाधा नहीं डालनी चाहिए।

वहीं, माकपा के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने भोपाल में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत डिंडोरी जिले के गाड़ासरई में 219 आदिवासी युवतियों के सामूहिक विवाह से पहले उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर उनका प्रेग्नेंसी टेस्ट करवाना बीजेपी के आदिवासी और महिला विरोधी आचरण को उजागर करता है, जिसकी चौतरफा निंदा होनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने दोषी अधिकारियों को सजा दिलाने की भी मांग की।

इस घटना के बाद स्तिथि को संभालते हुए व प्रशासन का बचाव करते हुए डिंडोरी के कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि गाड़ासरई में शनिवार को होने वाले सामूहिक विवाह में शामिल होने वाले 219 जोड़ों के मेडिकल परीक्षण का प्रेग्नेंसी टेस्ट नहीं था बल्कि आनुवांशिक बीमारी ‘सिकलसेल’ की जांच कराना था। उन्होंने कहा कि सिकलसेल बीमारी की जांच के दौरान चिकित्सकों ने चार युवतियों का गर्भावस्था परीक्षण किया है क्योंकि इन युवतियों ने माहवारी नहीं आने की बात बताई थी। इसे लेकर प्रशासन की ओर से कोई निर्देश नहीं थे। यह चिकित्सकों पर निर्भर है कि वे सिकलसेल की बीमारी का पता करने के लिए क्या प्रक्रिया और जांच करवाते हैं।

फिलहाल चिकित्सक की रिपोर्ट के बाद ऐसे चार जोड़ों को सामूहिक विवाह में शामिल नहीं किया गया। ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के तहत, राज्य सरकार पात्र जोड़ों को वित्तीय सहायता के रूप में 56,000 रुपए प्रदान करती है।

ओंकारेश्वर मंदिर में भक्तों के साथ दुर्व्यवहार, मंदिर प्रबंधन समिति ने की श्रद्धालुओं के साथ झूमाझटकी

0

इंदौर। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। ओंकारेश्वर बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है। बताया जा रहा है कि मंदिर की प्रबंधन समिति के लोगों ने दर्शन करने आये भक्तों के साथ मारपीट की है।

इसके साथ ही भक्तों के साथ झूमा झटकी का मामला भी सामने आए है जिसके बाद पुलिस को बीच बचाव करने के लिए आना पड़ा। हालांकि ये कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी मंदिर से जुड़े इस तरह के मामले कई बार सामने आ चुके हैं। श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए भी यहां काफी समस्या का सामना करना पड़ता है।

एक बार फिर से इस तरह का मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं। पहले भी मंदिर में दर्शन को लेकर अव्यवस्था देखी जाती रही है।

सीएम शिवराज ने की घोषणा- जानापाव में बनेगा महाकाल महालोक की तर्ज पर परशुराम लोक

0

इंदौर। 22 अप्रैल यानी कि परशुराम जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह इंदौर के महू स्थित भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव कुटी पहुंचे। सीएम ने यहां भगवान परशुराम के दर्शन किए और सभा को संबोधित भी किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा भी की।

सीएम ने कहा कि भगवान परशुराम जन्म स्थली जानापाव में भी महाकाल लोक की तरह ही परशुराम लोक बनाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि परशुराम धाम भी बनाया जाएगा। मध्यप्रदेश धन्य और गौरवशाली है कि भगवान परशुराम का जन्म हमारे प्रदेश के जानापाव में हुआ।

मुख्यमंत्री ने जनता को संम्बोधित करते हुए कहा कि समता समानता लाने के सबसे पहली पहल भगवान परशुराम ने की थी। उन्होंने ही भूमि आवंटन की पहल भी की थी, ताकि सभी को बराबरी का हक मिल सके। भगवान परशुराम के विचारों को आगे बढ़ाने के लिये हमने तय किया है कि मध्यप्रदेश में अब कोई आवासहीन नहीं रहेगा, सभी को पक्का मकान दिया जाएगा।

सीएम शिवराज ने बताया कि भगवान परशुराम की जन्म स्थली पर 10 करोड़ 59 लाख रुपये के विकास कार्य भी करवाए जा रहे हैं। इसके लिये राशि भी स्वीकृत कर दी गई है। परशुराम लोक और परशुराम धाम की रूपरेखा विद्वानों एवं प्रशासन के साथ मिलकर बनाई जाएगी।

नगर निगम की कचरा गाड़ी में फेंकी गईं भगवान परशुराम की तस्वीरों वाली होर्डिंग्स, कांग्रेस ने जताया विरोध

0

भोपाल। 22 अप्रैल का दिन बेहद खास है। आज अक्षय तृतीया का पर्व है और इसी तिथि को भगवान विष्णु के अवतार परशुराम जी की जयंती भी है। आज जहां सीएम शिवराज ने गुफा मंदिर में इस पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया वहीं राजधानी भोपाल में भगवान परशुराम का अपमान भी देखने को मिला है। भोपाल नगर निगम ने होर्डिंग में लगीं भगवान परशुराम की तस्वीरों को निकालकर कचरा गाड़ी में डाल दिया। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।

इस मामले पर अब कांग्रेस तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रही है। मामला भोपाल के अशोका गार्डन के 80 फिट रोड़ का है, जहां परशुराम जयंती पर कचरे की गाड़ी में परशुराम जी की तस्वीरों वाले होर्डिंग्स रखे मिले। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने ये होर्डिंग लगवाए थे जिसमें परशुराम जयंती का बधाई संदेश था जिन्हें नगर निगम के कर्मचारियों ने निकालकर कचरा गाड़ी में डाल दिया। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस मामले पर कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला का कहना है कि मुख्यमंत्री एक तरफ ब्राम्हण कल्याण बोर्ड बनाने की बात करते हैं, दूसरी तरफ हमारे आराध्य भगवान परशुराम कचरे की गाड़ी में फेंके जा रहे हैं। आने वाले समय में बीजेपी सरकार सत्ता में नहीं रहेगी। 2023 में तस्वीर साफ है अब परशुराम भगवान के अपमान का बदला समूचा ब्राह्मण समाज चुनाव में देगा।

वहीं अब भगवान परशुराम के अपमान पर ब्राह्मण समाज और संगठनों में भी नाराज़गी है। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने परशुराम के अपमान पर उग्र आंदोलन की चेतावनी तक दी है। समाज के अध्यक्ष पुष्पेंद्र मिश्रा ने मेयर मालती राय से माफी मांगने की मांग की है और कहा है कि वे माफी मांगें और कर्मचारियों को बर्खास्त करें। कार्रवाई न होने पर प्रदेश में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

पुलिस मुठभेड़ में 2 ईनामी महिला नक्सलियों की मौत, भारी मात्रा में नक्सली सामाग्री और हथियार बरामद

0

बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट में पुलिस और नक्सलियों की मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो महिला नक्सलियों को मार गिराया है। मारी गई महिला नक्सली में सुनीता भोरमदेव एरिया कमांडर और सरिता खटिया मोचा गार्ड बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार बताया जा रहा है कि यह मुठेभड़ गढ़ी थाना क्षेत्र के कांधला के जंगलों में हुई है।

दोनों ही महिला नक्सलियों पर 14-14 लाख का ईनाम घोषित था। मुठभेड़ के बाद भारी मात्रा में नक्सली सामाग्री और हथियार बरामद हुए हैं। रात 9 बजे सर्चिंग के दौरान ये मुठभेड़ हुई। दोनों ही नक्सली गार्ड का काम करती थीं। इन दोनों ईनामी महिला नक्सलियों के अलावा इस मुठभेड़ में और नक्सलियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।

हॉक फोर्स के जवानों ने जंगल में तलाश शुरू कर दी है। आईजीपी बालाघाट संजय कुमार समेत हॉक फोर्स के अधिकारी मौके पर मौजूद थे। पिछले साल भी पुलिस ने 6 नक्सलियों को मार गिराया था। प्रदेश में लगातार बढ़ती नक्सली गतिविधियों को लेकर शिवराज सरकार ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। माफिया-गुंडो को लेकर भी सरकार कई कड़े कदम उठा चुकी है।