मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 36 प्रत्याशी की पहली लिस्ट जारी कर दी है. जारी की गई लिस्ट में सात मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं, जबकि 12 उम्मीदवार ऐसे है जो पहली बार चुनाव लड़ेंगे. मिजोरम के मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ललथनहवला दो सीटें पर चुनाव लड़ेंगे. इस बार ललथनहवला सेरछिप और चंफाई दक्षिण से चुनाव लड़ेंगे. गौरतलब है की 2012 विधानसभा के दौरान भी वह दो सीटों पर चुनाव लड़े थे और जीते भी थे.
मिजोरम में कांग्रेस ने इस बार युवा चेहरों पर भरोसा जताया है. 36 उम्मीदवारों की लिस्ट में 33 प्रतिशत उम्मीदवारों की उम्र 40 वर्ष से कम हैं। नए चेहरों में सबसे कम उम्र, 37 वर्ष के लालहमचुआना हैं। उन्हें सरलुई विधानसभा सीट से लालरिनथांगा के स्थान पर टिकट दिया गया है।
मिजोरम में जिन विधायकों की टिकट काटी गयी है उनमे मंत्री आइजल, आर रोमाविया, लालरिनमाविया राल्टे, लालरिनावमा प्रमुख है.
वहीं सिहा जिले की दो, लुंगलेई जिले की एक और लवांगतलाई जिले की एक सीट पर अभी उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है. 20 मौजूदा विधायकों को उनकी पुरानी सीटों से ही टिकट दी गई है. मिजोरम कांग्रेस में नए शामिल हुए मिजोरम के पूर्व पुलिस महानिरीक्षक एल टी हरांगचल को चलफिल सीट का टिकट दिया गया है.
बता दें कि विधानसभा चुनाव के लिए मिजोरम में भी मध्यप्रदेश के साथ ही 28 नवंबर को वोटिंग होगी और 11 दिसंबर को चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी.
