बात आज हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी की। एक चाय बेचने वाला कैसे दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का प्रधानमंत्री बना । कैसे एक व्यक्ति ने देश के लिए अपना घर परिवार सब त्याग दिया। कैसे एक व्यक्ति ने नोटबंदी जैसा कठोर फैसला लेने की हिम्मत की। कैसे एक व्यक्ति ने कुछ ही महीनों के भीतर आतंकवाद की कमर तोड़ दी। कैसे एक व्यक्ति ने सिर्फ एक फैसले से देश में मौजूद करोड़ों के जाली नोटों को रद्दी बना दिया। कैसे एक व्यक्ति ने भारत को भ्रष्टाचार मुक्त बना दिया। कैसे एक व्यक्ति ने एक रुपये और एक रोटी से बनी राजनैतिक पार्टी को देश की सबसे अमीर पार्टी बना दिया।

यह सब सुनकर देश के किस व्यक्ति को अपने प्रधानमंत्री पर गर्व नही होता होगा। माना कि देश के लोगों को थोड़ी परेशानी हुई। आम जनता को, गरीबों को परेशानी हुई कुछ लोगों की मौत भी हुई पर नया जूता भी तो पहले कुछ समय काटता है। गरीबों की परेशानी देखने वालों अमीरों को देखो कैसे वो सड़क पर आ गए। देखो कैसे बीएमडब्लू और मर्सडीज़ से घूमने वाले एटीएम की लाइनों में लगने को मजबूर हो गए। देखो कैसे मोदी जी ने नए नोटों में नैनो जीपीएस चिप लगाकर सभी भ्रष्टाचारियों को जेल के अंदर डाल दिया।
देखो आज दाऊद डरा हुआ है। देखो आज विजय माल्या जैसे भगोड़े देश में वापिस आने के लिए मजबूर है। देखो कैसे मोदी जी ने महँगाई डायन को विकास बना दिया। कैसे मोदी जी ने देश को अपराधमुक्त बना दिया। कैसे मोदी जी ने बेरोजगारों को रोजगार दिया। भूखों को खाना दिया।
माना कि कुछ महिलाएं सुरक्षित नही है, माना कि अस्पताल में बच्चे मर रहे है पर गाय तो सुरक्षित है। आज तो बिटकॉइन भी रुपये के सामने पानी भर रहा है, डॉलर की तो बात ही छोड़ दो।

इतना सब किया मोदी जी ने लेकिन फिर भी आज कुछ खांग्रेसी जिनने देश को 60 साल लूटा है वह मोदी जी से 3 साल का हिसाब मांगते है। कहते है कि मोदी जी ने देश की अर्थव्यवस्था की लुटिया डुबो दी। अरे हमारे मोदी जी कैसे कुछ गलत कर सकते है ? हमारे मोदी जी देश के लिए घर-बार छोड़ कर आए है, वह किसके लिए भ्रष्टाचार करेंगे ? कोई इन लोगों को बताइये की हमारे मोदी जी दूध से धुले, गंगा में नहाए और गौमूत्र पीकर प्रधानमंत्री बने है।
मित्रों आप ही बताइए मोदी जी पर आरोप लगाने वाले ऐसे लोगों का क्या करना चाहिए ? भाइयों और बहनों बताइये ऐसे देशद्रोहियों का क्या करना चाहिए ? क्या इन लोगों की कमर तोड़ दूँ ? भाइयों और बहनों क्या इन लोगों को पाकिस्तान भेज दूँ ?

भक्त: मोदी! मोदी! मोदी!
