भारत में भगवान् और अल्लाह के नाम पर दुकानदारी करने वालों की लिस्ट बहुत लम्बी है और लिस्ट को कम करने का बीड़ा उठाया है देश की न्यायपालिका ने . कुछ दिनों पहले सीबीआई कोर्ट ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख बाबा रामरहीम को दो अलग अलग मामलों में 10-10 साल की सजा सुनाई है . इसके पहले आशाराम बापू और गुरु रामपाल की दूकान पर भी न्यायपालिका ताला लगा चुकी है . इसी बीच अब ताजा मामला सामने आया है योग गुरु बाबा रामदेव का .
क्या है मामला ?
सीबीआई जल्द ही योग गुरु रामदेव से उनके लापता गुरु स्वामी शंकर देव के संबंध में पूछताछ कर सकती है । दरअसल शंकर देव का छह साल पहले कथित तौर पर हरिद्वार से अपहरण हो गया था उस समय वह सुबह की सैर पर निकले थे। सीबीआई की एक टीम सुराग पाने के लिए पहले ही हरिद्वार का दौरा कर चुकी है। अब मामले में रामदेव और उनके सहयोगी बालकृष्ण से पूछताछ करने के लिए सीबीआई टीम दोबारा से हरिद्वार पहुंच गई है। सीबीआई ने पिछले महीने इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इससे पहले उत्तराखंड पुलिस ने जुलाई-2007 में बालकृष्ण की अर्जी पर शंकर देव के लापता होने की जांच के लिए अपहरण का मामला दर्ज किया था।
बाबा रामदेव पर अपने गुरु शंकरदेव की हत्या के आरोप बार-बार लगते रहे हैं लेकिन इस शंकर देव की तलाश कर रही उत्तराखंड पुलिस को इस बारे में अब तक कोई सुराग या सबूत नहीं मिले हैं। हालांकि इस मामले में अब एक आदमी सामने आया है जिसने चौंकाने वाला दावा किया है।
उसके मुताबिक बाबा रामदेव ने अपने गुरु शंकर देव को मारने की योजना उसके सामने बनाई थी। इसका कहना है कि रामदेव ने अपने गुरु की हत्या कर और शव के छोटे-छोटे टुकड़े कर उनका शव गंगा नदी में बहा दिया था। योग गुरु बाबा रामदेव के गुरु का नाम शंकर देव था। एक दिन वो अचानक हरिद्वार के अपने आश्रम से गायब हो गए थे। तब से उनकी कोई खबर नहीं है। पुलिस को शंकरदेव के कमरे से एक पत्र मिला था जिसमें लिखा था, ‘मैं शंकरदेव अपनी खराब आर्थिक स्थिति और बिगड़ते स्वास्थ्य के कारण जा रहा हूं।’
लेकिन इस वीडियो में राकेश नामक यह आदमी कह रहा है कि शंकरदेव जी के कमरे से जो पत्र मिला था वह गुरु शंकर देव ने नहीं बल्कि इस राकेश नामक व्यक्ति ने ही बाबा रामदेव के कहने पर लिखा था। इन दिनों यह आदमी जंतर मंतर रोड पर धरना दे रहा है। इस आदमी का दावा है कि वह 2004 से रामदेव को जानता है। इसका दावा है कि इसे यह उत्तराखंड पुलिस ने बुलाया है और वह पुलिस के पास जाकर पूरी जानकारी देगा। साथ ही इसने कहा है कि रामदेव का साथी बालकृष्ण उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। वह इस बारे में दिल्ली और उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों को कई बार सूचित कर चुका है लेकिन वे रामदेव पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो सामने आने के बाद इस आदमी के दावों की जांच की मांग उठ रही है। हालांकि बाबा रामदेव अपने गुरु की हत्या से इंकार करते रहे हैं। वे खुद पर अपने गुरु की हत्या के लगे आरोपों को कांग्रेस की साजिश बताते हैं। इस बार भी बाबा रामदेव की ओर से कोई सफाई नहीं आई है।
