पंजाब में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ऐतिहासिक किसान घोषणा पत्र पेश किया है ।किसान विरोधी का ठप्पा झेल रही मोदी सरकार पर केजरीवाल का ये घोषणा पत्र बड़े हमले के तौर पर देखा जा रहा है । केजरीवाल के किसान घोषणापत्र में किसानों के लिए ख़ुशी का पिटारा खोल दिया है ।
Newbuzzindia: राज्य के मोगा जिले के बाघापुराना इलाके में एक किसान रैली में अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी का किसान घोषणा पत्र जारी किया। इस घोषणा पत्र में वादा किया गया है कि आम आदमी पार्टी सत्ता में आई तो किसानों को कर्जमुक्त करने के लिए स्वामिनाथन पैनल की सिफारिशों को लागू करेगी और किसानों की खुदकुशी के मामलों रोकने के लिए सर छोटूराम एक्ट लागू करेगी। आम आदमी पार्टी ने राज्य के किसानों के सहारे विरोधियों को पस्त करने की रणनीति पर अमल करना शुरू कर दिया है।
आम आदमी पार्टी के घोषणा पत्र में कहा गया है कि स्वामिनाथन पैनल की रिपोर्ट पर अमल से 2018 तक राज्य में कोई भी किसान कर्जदार नहीं रहेगा। इसी तरह से सर छोटूराम एक्ट लागू किए जाने से दिसंबर 2018 तक पंजाब किसानों की खुदकुशी जैसे मामलों से मुक्त होगा।
इस रैली में अरविंद केजरीवाल के साथ सांसद भगवंत मान और साधु सिंह भी मौजूद थे। इनके अलावा राज्य संयोजक गुरप्रीत घुग्गी, पंजाब प्रभारी संजय सिंह और तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद थे। रैली में आई भीड़ से आम आदमी पार्टी काफी उत्साहित दिख रही थी। आप संयोजक की हर बात पर जिस तरह से जनता का समर्थन जोरदार गूंज के रूप में सुनाई दे रहा था वो अकाली और बीजेपी के साथ कांग्रेस के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
पार्टी ने किसानों से वादा किया है कि उसकी सरकार बनी तो कृषि मजदूरों का काम नहीं मिलने पर सरकार 10 हजार रुपये प्रतिमाह देगी। इसके साथ ही राज्य की लोककल्याणकारी योजनाओं को बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि उनका विस्तार किया जाएगा। कुर्की जैसी स्थिति में किसानों को 20 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा।
एक बड़ा ऐलान ये किया गया है कि सतलज-यमुना कैनाल की जमीन किसानों को वापस कर फिर से उनके नाम कर दी जाएगी। बता दें कि यमुना-सतलज लिंक मामले पर अरविंद केजरीवाल के रुख की काफी आलोचना हुई थी। इस मामले में तीन राज्यों का हित जुड़ा हुआ है। अरविंद केजरीवाल का तीनों राज्यों में सियासी दखल है। यही कारण है कि इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने एसवाईएल के मुद्दे पर सोच विचार कर एलान किया है।
किसानों को उनकी फसल की सही कीमत दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा गया है कि मंडी में किसान की फसल 24 घंटे में खरीदी जाएगी और भुगतान 72 घंटों में ही कर दिया जाएगा। किसानों को मुफ्त में 12 घंटे बिजली देने का भी वादा किया गया है। इसके अलावा शगुन की राशि 51 हजार करने, किसान-मजदूर के घर बेटी होने पर 21 हजार का शगुन देने, बुढ़ापा पेंशन 2 हजार करने, आटा-दाल योजना जारी रखने, सभी का 5 लाख तक का इलाज मुफ्त करने का भी वादा किया गया है।
फिलहाल दिल्ली की तर्ज पर आम आदमी पार्टी राज्य में अलग -अलग मुद्दों पर घोषणापत्र जारी कर रही है। किसान घोषणापत्र में आप ने वादे तो कई सारे किए हैं। इन्हे जनता का समर्थन भी मिल रहा है। हालिया विवादों के बाद राज्य में इस तरह का शानदार जनसमर्थन मिलना आम आदमी पार्टी के लिए किसी टॉनिक से कम नहीं है।
