Newbuzzindia : तीन तलाक पर मुस्लिम महिलाओं के हक़ के लिए उठाई गयी आवाज पर मौलाना तौकीर रजा ने पीएम मोदी की कड़े शब्दों में निंदा की। इत्तेहाद ए मिल्लत काउंन्सिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर ने पत्रकार वार्ता में कहा, मुस्लिम पर्सनल लॉ में हस्तक्षेप करने की कोशिश करना अन्याय है। इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि पीएम नरेन्द्र मोदी जी को वास्तव में महिलाओं से इतनी हमदर्दी है तो पहले उस महिला के साथ न्याय करें जो उनके साथ विवाहित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर मोदी जी की पत्नी न्याय पाने की कोशिश करेंगी, तो हम उनके लिए आगे आयेंगे।
लाइवटुडे की रिपोर्ट के अनुसार मौलाना तौकीर ने महिलाओं के लिए पीएम मोदी की हमदर्दी को बेबुनियाद बताया। साथ ही इसे शोहरत हासिल करने का एक पैंतरा बताया।
उन्होंने कहा, जो इंसान खुद की पत्नी का दर्द नहीं समझ नहीं सका वो दुनिया की महिलाओं की बात कैसे कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस्लाम में महिलाओं का सम्मान किया जाता है। इसलिए यदि मोदी जी की पत्नी यशोदाबेन अपने हक़ के लिए आवाज उठाएंगी तो उनका साथ देने में वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
वहीं तौकीर रजा ने बाम्बे की हाजी अली दरगाह में महिलाओं के प्रवेश पर मुम्बई हाईकोर्ट की अनुमति देने के आदेश पर टिप्पणी किये बिना कहा कि महिलाओं द्वारा मजार पर जाना शरियत के दायरे में गुनाह है उन्होंने कोर्ट के आदेश पर रुख करते हुए मामले में दखल देने वाले उलेमा और मौलाना को जिम्मेदार ठहराया।
उनका कहना है कि वे अपनी बात मजबूती से नहीं रख पाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं में जिस तरह की आवारगी, बेगैरती और बेशर्मी को बढ़ावा दिया जा रहा है, यह गलत है।
दूसरी ओर समाजवादी पार्टी को अपनी बातों में खींचते हुए उन्होंने कैबिनेट मंत्री आजम खां पर निशाना साधा। तौकीर रजा ने कहा कि उन्हें यह समझ में आ गया है कि आज़म और उनकी पार्टी ने मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया है।
उन्होंने आजम खां पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि उन्हें चुनाव में जाने से पहले खौफ आ रहा है कि अब वे मुसलमानों को क्या मुंह दिखाएंगे?
तौकीर रजा ने कहा कि भाजपा जैसी फिरकापरस्त ताकतों से मुकाबले के लिए महागठबंधन की जरूरत है। बिना महागठबंधन के उत्तर प्रदेश को भाजपा की फिरकापरस्त ताकतों से नहीं बचा पाएंगे।
तौकीर रजा ने भाजपा द्वारा चाइनीज सामान की होली जलाने और चीन से रिश्ता कायम रखने के दोहरे चरित्र पर भी हमला बोला।
उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा के लोग मंच पर आकर चाइना के माल की होली जला रहे हैं और दूसरी ओर केन्द्र सरकार बीफ के एक्सपोर्ट के लिए चीन से करार कर रही है।
तौकीर रजा ने कहा कि पाकिस्तान से बड़ा दुश्मन चीन है। लिहाजा केन्द्र सरकार को दोहरी ड्रामेबाजी बन्द कर चीन के साथ अपने व्यापारिक सम्बन्ध खत्म करने चाहिए।
