महाकाल दर्शन के साथ राहुल गांधी ने शुरु की मालवा-निमाड़ की दो दिवसीय यात्रा

सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मालवा-निमाड़ की दो दिवसीय यात्रा में मध्यप्रदेश पहुंचे। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राहुल गांधी का ये सबसे अहम दौरा माना जा रहा है।  राहुल गांधी सबसे पहले उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन कर इस यात्रा की शुरुआत की। जिसके बाद उज्जैन के दशहरा मैदान में जनसभा को संबोधित कर, उनका काफिला झाबुआ की ओर रवाना हुआ।

कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी को इस पूरे दौरे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस दो दिवसीय दौरे के दौरान मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कांग्रेस के सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगें। मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को चुनाव होना है, जिसका परिणाम 11 दिसंबर को आएगा।

दो दिनों में पांच जिलों का दौरा :

उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर जनसभा को संबोधित करने के बाद राहुल गांधी झाबुआ में लोगों से मिलेंगें। फिर शाम में राहुल का इंदौर में रोड शो होगा, जो गणपति के मंदिर से शुरु होकर मल्हारगंज, लोहारपट्टी, इतवारिया बाजार, नरसिंह बाजार, बंबई बाजार, जवाहर मार्ग, इमलीसाहब गुरुद्वारा होते हुए राजबाड़ा पर जाकर समाप्त होगा। दूसरे दिन राहुल धार, खरगोन और महू की यात्रा करेंगें। दो दिन की इस यात्रा में राहुल गांधी छह जनसभाओं समेत पांच जिलों में रोड शो कर जनता से रुबरु होंगें।

मालवा भाजपा का गढ़  :

मालवा-निमाड़ को भाजपा का गढ़ कहा जाता है, जहां से भाजपा की सबसे ज्यादा सीटें आती हैं। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजवर्गीय और भाजपा से लगातार आठ बार की सांसद और लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन यहीं से आती हैं। इसलिए इस दौरे को कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है।

मंदसौर कांड और जीतू पटवारी भाजपा की परेशानी :

6 जून 2017 को हुए मंदसौर गोली कांड भाजपा सरकार के गले की फांस बन चुकी है, जिसे कांग्रेस बीच-बीच में उठाती रहती है। इस आंदोलन में 7 किसानों की मौत पुलिस की गोली लगने से हुई थी। वहीं मंदसौर गोली कांड के एक साल पूरे होने पर राहुल गांधी मंदसौर आकर शिवराज सरकार को जमकर कोसा था।

इस पूरे आंदोलन में राऊ विधानसभा से कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने अहम भूमिका भी निभाई थी। जिसके बाद से वो सुर्खियों में बने हुए हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जीतू पटवारी को कांग्रेस ने कार्यकारी अध्यक्ष भी बना दिया है।

महाकाल की नगरी में राहुल का पहला भाषण :

सोमवार को उज्जैन पहुंचे राहुल गांधी ने महाकाल के दर्शन करने के बाद दशहरा मैदान में जनसभा को संबोधित किया।  शिवराज और मोदी दोनों पर पर जम कर बरसे। उज्जैन में हुए महाकुंभ और क्षिप्रा नदी की हालत पर भी सवाल उठाते हुए घोटाले का आरोप लगाया। मध्यप्रदेश में रोजगार, किसानो, व्यापारियों, महिलाओं समेत कई मुद्दों को उठाया। मोदी सरकार को भी आड़े हाथ लेते हुए राहुल गांधी ने सीबीआई, रफाएल जैसे मुद्दों पर मोदी को दोषी करार दिया।

दिग्विजय नहीं रहेंगें मौजूद :

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के समन्वयक समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह इस दौरे में भी नजर नहीं आएंगें। इस बात की जानकारी खुद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर दी। पहले ट्वीट में दिग्विजय ने कहा कि “मैं इंदौर में पैदा हुआ स्कूल व कॉलेज की शिक्षा भी इंदौर में हुई। आज राहुल गॉंधी जी इंदौर पहुँच रहे हैं, मैं उनका हार्दिक स्वागत करता हूँ।“

फिर दूसरे ट्वीट में कहा कि “मुझे अध्यक्ष जी ने कुछ आवश्यक कार्य सौंपा हुआ है, जिसके कारण राहुल जी के इंदौर उज्जैन कार्यक्रम में अनुपस्थित रहूँगा क्षमा करें। सभी मित्रों से राहुल जी का गर्म जोशी से स्वागत करने की अपील करता हूँ। “

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

spot_img

ताजा समाचार

Related Articles