कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राफेल पर छिड़ी राजनीतिक जंग को लगातार हवा दे रहे हैं। इस कड़ी में राहुल गांधी शनिवार को बेंगलुरु पहुंचे हैं जहाँ वे हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के मुख्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगे। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड भारत की सामरिक संपत्ति है, इस संस्थान से राफेल बनाने का ऑर्डर छीनकर इसे बर्बाद करने की कोशिश की गई है।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘एचएएल भारत की सामरिक संपत्ति है, हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड से राफेल का ऑर्डर छीनकर और इसे अनिल अंबानी को गिफ्ट कर भारत के एयरोस्पेस इंडस्ट्री के भविष्य को बर्बाद कर दिया गया है।’ राहुल ने लिखा, “आगे आइए भारत की रक्षा करने वालों की प्रतिष्ठा की रक्षा करिए, मैं एचएएल के कर्मचारियों के साथ खड़ा होने के लिए बेंगलुरु में हूं। मेरे साथ एचएएल मुख्यालय के सामने आइए।”

कर्नाटक कांग्रेस के प्रवक्ता रवि गौड़ा ने कहा कि राहुल जानना चाहते हैं कि इस सौदे के हाथ से जाने के बाद एचएएल के कर्मचारी कैसा महसूस करते हैं। राहुल गांधी यहां पर एचएएल के कुछ कर्मचारियों से भी मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि एचएएल की ओर से अपने स्टाफ को सलाह दी गई है कि नौकरी की सेवा शर्तों के मुताबिक वे राहुल गांधी से मुलाकात नहीं करें। फिर भी कुछ कर्मचारी और एचएएल के रिटायर्ड स्टाफ राहुल गांधी से मुलाकात कर सकते हैं।
