Newbuzzindia: शिक्षा में भगवाकरण के मुद्दे पर लगातार विरोधियों के निशाने पर रही भाजपा पर विरोधी फिर हमलावर हो गए है । खबर है की मानव संसाधन एवं विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बुधवार को आरएसएस के वरिष्ट अधिकारियों के साथ बंद कमरे में लंबी बैठक की । देश की नई शिक्षा नीति को लेकर हुई बातचीत में RSS से जुडे कई अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे ।
गौरतलब है की हाल ही में मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद से जावड़ेकर ने संघ से पहली बार औपचारिक रूप से बात की है । कयास लगाए जा रहे थे की स्मृति ईरानी से मंत्रालय लेकर प्रकाश जावड़ेकर को देने के बाद शिक्षा में संघ नीति को बढ़ावा मिलेगा ।
सूत्रों के अनुसार, जावड़ेकर ने गुजरात भवन में छह घंटे चली बैठक में विद्या भारती, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, भारतीय शिक्षण मंडल, संस्कृत भारती, शिक्षा बचाओ आंदोलन, विज्ञान भारती और इतिहास संकलन योजना के सदस्यों से गुफ्तगू की। बैठक में RSS के संयुक्त सचिव कृष्ण गोपाल, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और RSS के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख अनिरुद्ध देशपांडे भी मौजूद रहे।
द इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि बैठक नई शिक्षा नीति पर संघ के इनपुट्स बांटने के लिए की गई थी। साथ ही ‘आधुनिक शिक्षा में राष्ट्रीयता, गर्व और प्राचीन भारतीय मूल्यों को समाहित करने’ की योजना भी बनाई गई। इससे पहले नई शिक्षा नीति को तैयार करने के लिए पूर्व कैबिनेट सेक्रेट्री टीएसआर सुब्रमण्यम की अध्यक्षता में बनाई गई कमेटी को 80,000 से ज्यादा सुझाव मिले थे।
आरएसएस के एक पदाधिकारी के अनुसार, ”बैठक सरकार-संगठन मंच का एक हिस्सा थी जो मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद बना है। चूंकि जावड़ेकर मंत्रालय में नए हैं, इसलिए हमनें उन्हें जमीनी स्तर की चुनौतियों और शिक्षा क्षेत्र में जरूरी सुधारों से अवगत करा दिया है। सामाजिक न्याय मंत्री थवर चंद गहलोत और आदिवासी मामलों के मंत्री जुअल ओरम भी कुछ समय के लिए बैठक में थे, क्योंकि उनके मंत्रालय भी आदिवासियों, आरक्षित जातियों और पिछड़ी जातियों की शिक्षा से जुड़े हुए हैं।”
