भारतीय बैंकों से करीब 9000 करोड़ का कर्ज लेकर देश से भागा शराब कारोबारी विजय माल्या पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बड़ा बयान दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लंदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा की विजय माल्या ने भारत छोड़कर भागने से पहले भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी।
लंदन में भारतीय पत्रकारों के संगठन के साथ बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने यह दावा किया। हालांकि राहुल गांधी ने उन नेताओं का नाम बताने से इनकार कर दिया।
राहुल गांधी ने विजय माल्या जैसे बड़े उद्योगपतियों के लिए नरम रुख अपनाने को लेकर मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार विजय माल्या, भगोड़े डायमंड कारोबारी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जैसे लोगों के लिए उदार है, जिन्होंने भारतीय बैंकों को धोखा दिया है।
