Newbuzzindia : गोवा में अगले महीने से विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। लेकिन चुनाव के नज़दीक आते ही बीजेपी की मुश्किलें बढ़ती नज़र आ रही हैं। अब गोवा के पूर्व आरएसएस प्रमुख सुभाष वेलिंगकर ने बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
हिन्दी न्यूज़ चैनल ‘आज तक’ से बातचीत में सुभाष ने बीजेपी को राक्षस बताते हुए कहा कि पार्टी ने गोवा और उसकी संस्कृति के साथ धोखा किया है। बीजेपी ने राज्य में सिर्फ संस्कृति का विनाश करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हमारी मातृभाषा कोंकणी को खत्म कर दिया। अब वह इसकी छवि बदलना चाहते हैं।
सुभाष ने बीजेपी मंत्री मनोहर पर्रिकर पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पर्रिकर विपक्ष में थे तब वो कांग्रेस पर राज्य की भाषा को खत्म करने का आरोप लगाते थे लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्होंने भी वही किया जो कांग्रेस कर रही थी। हमने बीजेपी पर विश्वास किया था, लेकिन उन्होंने हमारे साथ विश्वासघात किया है।
उन्होंने आगे कहा कि बाहर के लोग अब गोवा को सुअर, शराब और देह व्यापार के लिए जानते हैं। गोवा का संस्कृति पुर्तगाली संस्कृति नहीं है। लेकिन बीजेपी इसे अंग्रेजी सभ्यता से मिला हुआ बताती आई है। उन्होंने कहा कि राज्य की बड़ी आबादी ईसाई हैं, हम सिर्फ हिन्दू संस्कृति की बात नहीं करते बल्कि राज्य की बड़ी ईसाई आबादी भी यही सोचती है कि यहां की सियासी पार्टियों ने यहां की तहज़ीब को नुकसान पहुंचाया है।
बता दें कि सुभाष वेलिंगकर का संगठन ‘गोवा सुरक्षा मंच’ राज्य में बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ेगा। सुभाष ने इसके लिए महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी और शिव सेना से गठबंधन करने का भी फैसला किया है।
