कांग्रेस मीडिया विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुरूवार शाम प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते शिवराज सरकार पर बुंदेलखंड पैकेज में भरी भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। सुरजेवाला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यूपीए सरकार ने 2008 में बुंदेलखंड के विकास के लिए उत्तरप्रदेश को 3506 और मध्यप्रदेश को 3760 करोड़ का “स्पेशल बुंदेलखंड पैकेज” दिया था। जिसमे मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड कहे जाने वाले 6 जिलों को शामिल किया गया था। बुंदेलखंड के विकास के लिए जारी किये गये इस पैकेज को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया।
हाईकोर्ट दिया था जांच का आदेश
सुरजेवाला ने बताया कि मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने इस मामले में एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित की थी। जिसने बुंदेलखंड पैकेज की जांच कर 2015 में रिपोर्ट लोक सेवा यांत्रिकी विभाग के प्रमुख सचिव को सौप दी। जांच में पैकेज द्वारा चलाई गयी योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार सामने आया। योजना के अनुसार 6 जिलों में 1287 नल-जल परियोजनाएं शुरू की जानी थी। जांच रिपोर्ट में इनमे से 997 परियोजनाएं बंद पाई गयी तो वहीं 18 योजनाएं तो शुरू ही नही हुई। रिपोर्ट में बुंदेलखंड पैकेज द्वारा शुरू की गयी सभी नल-जल परियोजनाओं की जांच ‘इकनोमिक ऑफिस विंग’ से कराने की सिफारिश की गयी। जिसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘इकनोमिक ऑफिस विंग’ से जांच करवाने की जगह मामले पर लीपापोती कर दी।
सुरजेवाला ने आगे कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही बुंदेलखंड पैकेज में हुए भ्रष्टाचार की समयबद्ध जांच कांग्रेस जन आयोग द्वारा करवाएगी और दोषिओं को जेल पहुँचाने का काम करेगी।
राम मंदिर पर पूछे गये एक सवाल का जवाब देते हुए सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनावों से समय भगवान श्री राम के नाम का इस्तेमाल करती है। वहीं चुनाव बाद भगवान राम को वनवास भेज देती है।
वहीं राजनाथ सिंह द्वारा मध्यप्रदेश में चौथी बार भाजपा सरकार बनने के बयान पर पलटवार करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा में अब सिर्फ नरेंद्र मोदी और अमित शाह की चलती है। राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, सुमित्रा महाजन और अरुण जेटली जैसे नेताओं को पता है बहुत जल्द उन्हें भी मार्गदर्शक मंडली में बैठा दिया जाएगा।
