प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और बुधनी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी अरुण यादव ने गुरूवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। प्रेस वार्ता में अरुण यादव ने सीधे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 15 साल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की विधानसभा होने के बावजूद बुधनी में कोई विकास नही हुआ। बुधनी के लोग आज भी अपनी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे है।
यादव ने कहा कि ” मैंने पिछले 10 दिनों में बुधनी के 200 से ज्यादा गाँवों का दौरा किया है। यहां जनता के पास पीने के पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं तक नही है। गांव के गांव कीचड से सने हुए है। कांग्रेस को बुधनी में भारी जनसमर्थन मिल रहा है और हम भारी मतों से बुधनी में जीत दर्ज करने वाले है। “
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर कुछ कंपनियो को फायदा पहुँचाने का आरोप लगाते हुए यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बुधनी के किसानों से कम दाम पर जमीन खरीदकर ट्राइडेंट और वर्धमान जैसी कंपनियो को दी है। वहीं मुख्यमंत्री के कुछ पसंदीदा ठेकेदारों ने क्षेत्र में भय का माहौल बना रखा है।
मतदान में गड़बड़ी की आशंका
अरुण यादव ने बुधनी के कुछ मतदान केन्द्रों पर गड़बड़ी की आशंका जताते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस को भारी जनसमर्थन के बावजूद कुछ मतदान केन्द्रों पर 5, 10, 25 और 50 वोट मिले है। जिसके कारण पार्टी को इन केन्द्रों में कुछ गड़बड़ी होने की आशंका है।
प्रेस वार्ता के बाद अरुण यादव ने चुनाव आयोग से इन मतदान केन्द्रों की विशेष निगरानी करने की मांग की है।
