NewBuzzIndia: महाराष्ट्र के उरण में दिखे गए संदिग्ध का स्केच मुम्बई पुलिस के तरफ से जारी किया गया है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के उरन में नौसेना अड्डे के समीप संदिग्ध अवस्था में कुछ लोगों के समूह को देखे गए हैं, जिसके बाद गुरुवार को मुम्बई तट और आसपास के क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी किया गया, जिसके बाद तमाम सुरक्षा एजेंसी सतर्क हो कर छानबीन में लग गई हैं।
भारतीय नौसेना प्रमुख के. शर्मा के मुताबिक मामला प्रकाश में आने के बाद महाराष्ट्र पुलिस के साथ तलाशी अभियान चल रहा है। पश्चिम नौसेना कमान ने उरन में समूह की संदिग्ध गतिविधि देखे जाने के बाद मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में ‘हाई अलर्ट’ जारी किया है।
नौसेना तलाशी अभियान में मुम्बई पुलिस और कोस्ट सिक्योरिटी फ़ोर्स का भी सहयोग ले रही है। अधिकारियों को मिली प्रारंभिक सूचना के मुताबिक चार स्कूली छात्रों ने उरन और करन्ला इलाके में भारतीय सेना जैसी वर्दी पहने हुए लोगों के एक समूह को देखा। डीजीपी कार्यालय ने तट के पास सभी थानों को तुरंत अलर्ट जारी कर दिया। तट के पास गेटवे ऑफ इंडिया, राजभवन, बंबई हाई, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र और अन्य बड़े प्रतिष्ठानों सहित संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
नेवी से जुड़े सूत्रों ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया, ‘करीब 11 बजे छात्रों ने बताया कि उन्होंने पठान सूट जैसी ड्रेस में चार लोग देखे हैं, जो एक दूसरे अलग ही भाषा में बात कर रहे थे।’ साथ ही सूत्रों ने बताया कि छात्रों ने संदिग्धों को नेवल बेस के दूसरी साइड देखा था। छात्रों ने सुना था कि वे लोग बार-बार ‘ओएनजीसी’ और ‘स्कूल’ का नाम ले रहे थे। उरण में ओएनजीसी ऑयल रिंग है। बच्चों का कहना है कि उन लोगों के पास कुछ बंदूक जैसे दिखने वाला था। बच्चों का कहना है कि उन लोगों ने अपने चेहरे ढके हुए थे।
महाराष्ट्र के गृहराज्य मंत्री दीपक केसरकर ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा, ‘लोग घबराएं नहीं, कोई भी जानकारी मिलने पर पुलिस के बताएं। लोग शांति बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान ना दें। सभी एजेंसियां सतर्क हैं।’
